लंबे समय से अनुपस्थित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को अंतिम सूचना जारी
अनूपपुर 08 जनवरी 2026- परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, अनूपपुर द्वारा जिले के अंतर्गत कार्यरत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती देवती गौड़ आंगनबाड़ी केंद्र लमना टोला माह जुलाई 2025 से निरंतर एवं सहायिका श्रीमती इतवारिया आंगनबाड़ी केंद्र डूमरकछार 2023 से निरंतर अनियमित उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अनूपपुर द्वारा जारी सूचना के अनुसार कुछ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिकाएं बिना किसी पूर्व सूचना के लंबे समय से अपने शासकीय कर्तव्यों से अनुपस्थित पाई गई हैं, जो शासन के निर्देशों तथा सेवा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है। जारी सूचना में संबंधित कर्मचारियों को दिनांक 15 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया गया है। निर्धारित तिथि तक उपस्थित न होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए सेवा समाप्ति की कार्यवाही की जाएगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की स्वयं की होगी।



