जिले के अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण कराएं-कलेक्टर
पीएम जनमन के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए-कलेक्टर
कलेक्टर ने निर्माण विभागों के कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
अनूपपुर 10 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में विभिन्न निर्माण विभागों की कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के समस्त अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जांए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत पीवीटीजी ग्रामों में संचालित निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वर्क मैनेजमेंट पोर्टल के माध्यम से लोक निर्माण विभाग (भवन), ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण, जनजातीय कार्य विभाग, जल संसाधन विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, विद्युत विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अप्रारंभ एवं अपूर्ण कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सभी कार्यों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फुनगा बाईपास मार्ग पर वन विभाग द्वारा निर्मित अवरोध एवं प्रवेश पोर्टल के संबंध में वन विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत नवीन सड़कों के कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ग्राम लांघाटोला में अधूरे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने, सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत निर्माणाधीन विद्यालयों में अंडरग्राउंड विद्युत लाइन फिटिंग कराने तथा जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से स्वीकृत कार्यों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अन्य विभागों के प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित जिले के विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



