जनगणना देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण प्रक्रिया-कलेक्टर
जनगणना से जुड़ी आवश्यक जानकारी पूरी तरह समझ लें, ताकि आगामी जनगणना कार्यों में किसी प्रकार की न हो त्रुटि-कलेक्टर
जनगणना 2027 कार्य के प्रथम चरण को व्यवस्थित रूप से सम्पादित करने दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण हुआ प्रारंभ
अनूपपुर 23 फरवरी 2026/ आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के कार्य को अद्यतन एवं व्यवस्थित रूप से सम्पादित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आज कलेक्ट्रेट स्थित सोन सभागार में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि जनगणना देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण डाटा प्रक्रिया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और जनगणना से जुड़ी आवश्यक जानकारी पूरी तरह समझने का अनुरोध किया, ताकि आगामी जनगणना कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने अधिकारियों को रणनीतिक नेतृत्व प्रदान करते हुए जनगणना के उद्देश्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण में जनगणना निदेशालय भोपाल के सांख्यिकी अधिकारी श्री महेन्द्र यादव द्वारा उपस्थित अधिकारियों को जनगणना 2027 की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी। जनगणना 2027 का प्रथम चरण 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। जनगणना 2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। जो भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। जिसमें स्व-गणना पोर्टल, मोबाइल एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया जाएगा। जनगणना के समस्त कार्य की रियल टाईम मॉनीटरिंग जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण ब्लॉक के गठन, भवन नम्बरिंग के दिशानिर्देश, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में ब्लॉक निर्धारण के मापदण्डों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को संभावित समस्याओं एवं उनके समाधान से भी अवगत कराया गया तथा प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया।
प्रशिक्षण में अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री दिलीप कुमार पाण्डेय सहित अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज जनगणना अधिकारी तथा जनगणना लिपिक उपस्थित रहे।




