ट्रैफिक पार्क अनूपपुर बना यातायात शिक्षा का केंद्र जिला परिवहन अधिकारी ने बच्चों को सिखाए ट्रैफिक नियमअनूपपुर 30 जनवरी 2026/ यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ट्रैफिक पार्क अनूपपुर में स्कूली बच्चों का लगातार आगमन हो रहा है। इसी कड़ी में आज जिला परिवहन अधिकारी श्री सुरेंद्र सिंह गौतम ट्रैफिक पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों को यातायात नियमों की बारीक जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी। जिला परिवहन अधिकारी ने बच्चों को सड़क संकेतों, ट्रैफिक सिग्नल, पैदल यात्रियों के नियम, हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि बचपन में सीखी गई यातायात की समझ जीवन भर सुरक्षित रहने में मदद करती है। इस दौरान ट्रैफिक पार्क में बनाए गए मॉडल रोड, सिग्नल सिस्टम और चिन्हों के माध्यम से बच्चों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव कराया गया, जिससे वे नियमों को आसानी से समझ सके। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और गतिविधियों में भाग लिया।






