‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’’ अंतर्गत ग्राम लखौरा के पशुपालकों से किया गया सम्पर्क
पशु नस्ल सुधार, पोषण-आहार, स्वास्थ्य, टीकाकरण हेतु किया गया जागरूक
अनूपपुर 22 दिसम्बर 2025/ ‘‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’’ का द्वितीय चरण 17 दिसम्बर से प्रारंभ है। अभियान का उद्देश्य पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों से जोड़ते हुए दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना एवं पशुपालकों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। अभियान के तहत जिला पंचायत सदस्य श्री नर्मदा प्रसाद सिंह की उपस्थिति में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के उप संचालक डॉ बी बी चौधरी, डॉ. प्रकृति सिंह, डॉ. लोकेश कुमार मोहबे, श्री टी एस मरावी एवं टीम के द्वारा, विकासखण्ड पुष्पराजगढ़ के ग्राम लखौरा में भ्रमण कर तीन पशुपालकों श्री अर्जुन यादव, श्री चमरू यादव एवं श्री नरेंद्र सिंह धुर्वे से घर-घर संपर्क किया गया।

इस दौरान पशुपालकों को पशु नस्ल सुधार, पशु पोषण, संतुलित पशु आहार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन, नियमित टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान इत्यादि की जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के बेहतर रख-रखाव, रोगों से बचाव तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी भी दी गई।


