खुशियों की दास्तां
मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना ने राजकुमारी विश्वकर्मा के जीवन को दिया नई दिशा और संबल
अनूपपुर 16 दिसंबर 2025/ जीवन की कठिन राहों में जब अचानक कोई विपत्ति आ जाती है, तो वह पूरे परिवार को झकझोर कर रख देती है। ऐसे समय में यदि शासन की कोई योजना सहारा बन जाए, तो टूटते हुए सपनों को फिर से संवारने की उम्मीद जाग उठती है। ऐसी ही शासन की एक योजना है, मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना। इस योजना ने अनूपपुर जिले के जैतहरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पटनाकला की निवासी श्रीमती राजकुमारी विश्वकर्मा के जीवन में अंधकार के बीच आशा की किरण जगाई है।

श्रीमती राजकुमारी विश्वकर्मा के पति स्व. रामानुज विश्वकर्मा मजदूरी एवं खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। दुर्भाग्यवश एक दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। इस कठिन समय में मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना उनके परिवार के लिए संजीवनी सिद्ध हुई।
स्व. रामानुज विश्वकर्मा का नाम संबल योजना में पंजीकृत होने के कारण, उनके निधन के पश्चात योजना के अंतर्गत 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 16 दिसंबर 2025 को सिंगल क्लिक के माध्यम से सीधे हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की गई। यह सहायता राशि राजकुमारी विश्वकर्मा के लिए न केवल आर्थिक संबल बनी, बल्कि उनके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने का मजबूत आधार भी बनी।
राजकुमारी विश्वकर्मा ने भावुक होते हुए बताया कि इस राशि से बच्चों की शिक्षा, कृषि कार्य एवं दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जिससे वे अपने बच्चों का भविष्य बेहतर ढंग से संवार सकेंगी और आत्मनिर्भर जीवन की ओर आगे बढ़ सकेंगी।
राजकुमारी विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन कल्याण (संबल 2.0) योजना वास्तव में असहाय और श्रमिक परिवारों को कठिन परिस्थितियों में नया जीवन और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही है।


