विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त अभियान
अनूपपुर 22 फरवरी2026- जिला में आयुष्मान भारत आयुष्मान भारत “उमंग” स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत माध्यमिक शिक्षकों का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण 21 से 23 फरवरी 2026 तक जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अनूपपुर में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है।
प्रथम दिवस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। सत्रों में किशोर-किशोरियों के पोषण, एनीमिया नियंत्रण, माहवारी प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली एवं समग्र स्वास्थ्य विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्री-टेस्ट, जीवन कौशल शिक्षा, समूह गतिविधियाँ, डेमो सत्र, प्रस्तुतियाँ एवं फीडबैक के माध्यम से शिक्षकों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
द्वितीय दिवस पर मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, संचार कौशल तथा जेंडर संवेदनशीलता जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सहभागितापूर्ण प्रशिक्षण दिया गया। रोल प्ले एवं समूह अभ्यासों से व्यवहारिक समझ विकसित की गई।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसेडर के रूप में तैयार कर विद्यालय स्तर पर किशोरों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा, परामर्श एवं जीवन कौशल मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन की यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।






