सांसद ने बाल विवाह मुक्ति जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
अनूपपुर, 23 फरवरी 2026/ बाल विवाह उन्मूलन हेतु संचालित जनजागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर से बाल विवाह मुक्ति जनजागरूकता रथ को सांसद शहडोल संसदीय क्षेत्र श्रीमती हिमाद्री सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रथ जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं विधिक प्रावधानों के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित हस्ताक्षर अभियान में सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाल विवाह रोकथाम के समर्थन में हस्ताक्षर कर सामाजिक कुरीति के उन्मूलन का संकल्प लिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते द्वारा बताया गया कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद एवं सामुदायिक सहभागिता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सके। अधिकारियों ने नागरिकों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहयोग प्रदान करने तथा संबंधित जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने की अपील की।
इस दौरान सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती मंजूषा शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




