वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण आयोजित
सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन संबंधी अधिकारों की दी गई विस्तृत जानकारी
अनूपपुर, 17 फरवरी 2026/ मध्यप्रदेश शासन, जनजातीय कार्य विभाग, भोपाल के निर्देशानुसार वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों, विशेषकर सामुदायिक वन अधिकारों तथा धारा 3(1)(i) के अंतर्गत उल्लेखित सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन संबंधी अधिकारों को मान्यता प्रदान किए जाने के विषय में प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट स्थित सोन सभागार में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जनजातीय कार्य विभाग मंत्रालय, भोपाल से आए मास्टर ट्रेनर्स — श्री कमल किशोर आर्मो, श्री सार्थक त्यागी, श्री सत्यशोभन दास तथा श्री लखन मरावी द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह प्रशिक्षण जिले में अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु उपखंड स्तरीय वन अधिकार समितियों के शासकीय एवं अशासकीय सदस्यों की क्षमता संवर्धन (कैपेसिटी बिल्डिंग) के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिले के ग्रामों में सामुदायिक वन अधिकारों के संरक्षण एवं प्रबंधन के संबंध में ग्राम सभा द्वारा गठित वन अधिकार समिति एवं वन प्रबंधन समिति की भूमिका स्पष्ट की गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि ग्राम सभाओं को प्रदत्त अधिकारों के अनुरूप वन संसाधनों की सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्जीवन (रिजनरेशन) किस प्रकार सुनिश्चित किया जा सकता है। साथ ही औषधीय पौधों, लघु वनोपज, गोंद उत्पाद तथा बांस (बाम्बू) आदि के संरक्षण, संवर्धन एवं विपणन की प्रक्रिया के संबंध में भी विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री टी.आर. नाग, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जैतहरी श्री सतीश वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी (वन), जिला पंचायत सदस्य श्री रंजीत सर्राटी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, तहसीलदार श्री ईश्वर प्रधान, जिला समन्वयक सामाजिक अंकेक्षण जिला पंचायत श्री संदीप शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




