14 से 28 जनवरी तक आनंद उत्सव 2026 का होगा आयोजन
अनूपपुर 13 जनवरी 2026/ शासन के निर्देशानुसार विगत वर्षाे की भांति इस वर्ष भी 14 से 28 जनवरी 2026 के मध्य आनंद उत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी द्वारा सर्व संबंधित अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं।
आनंद उत्सव का उद्देश्य नागरिकों में सहभागिता एवं उत्साह को बढ़ाने के लिये समूह स्तर पर खेल-कूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना है। आनंद उत्सव की मूल भावना प्रतिस्पर्धा नहीं वरन सहभागिता होगी। ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में 14 से 24 जनवरी 2026 तथा विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम 24 से 28 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
आनंद उत्सव में प्रमुख रूप से स्थानीय तौर पर प्रचलित परम्परागत खेलकूद जैसे कबड्डी, खोखो, बोरा रेस, रस्साकसी, वेअर रेस, पिट्ठू/सितोलिया, चम्मच दौड़, नीबू दौड़ आदि तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे लोक संगीत, नृत्य, गायन, भजन, कीर्तन, नाटक आदि एवं स्थानीय स्तर पर निर्धारित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




