इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में गंभीर आरोप, छात्र ने प्रोफेसर पर लगाया अनैतिक दबाव का आरोप
अमरकंटक।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू), अमरकंटक एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में आ गया है। विश्वविद्यालय के एक विभाग में अध्ययनरत छात्र ने अपने ही विभाग के एक प्रोफेसर पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगाते हुए अमरकंटक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित छात्र का आरोप है कि संबंधित प्रोफेसर द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहा था। छात्र ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह पढ़ाई के उद्देश्य से विश्वविद्यालय में अध्ययन कर रहा है, लेकिन इस तरह के व्यवहार से उसका शैक्षणिक और मानसिक जीवन प्रभावित हुआ है।
मामले को और अधिक संवेदनशील इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जिन प्रोफेसर पर आरोप लगे हैं, वे विश्वविद्यालय शिक्षक संघ में महासचिव पद पर भी पदस्थ बताए जा रहे हैं। इस कारण विश्वविद्यालय परिसर में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है और छात्र समुदाय में रोष व्याप्त है।

सूत्रों के अनुसार, अमरकंटक पुलिस ने छात्र की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों ने मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग करते हुए दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक विभिन्न विवादों और आरोपों को लेकर चर्चा में रहा है। ताजा मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की छवि और छात्र सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।


