अनूपपुर
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोठी में दिनांक 13 मार्च 2026 को प्रस्फुटन समितियों का एक दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कान्हा जनकल्याण समिति नगाराबांध के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम स्तर पर कार्यरत समितियों को सशक्त बनाना तथा समाज एवं ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनकी समझ और सहभागिता को बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद कोतमा विकासखंड के समन्वयक श्री सरिमन साकेत उपस्थित रहे। उनके साथ नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री महेंद्र कुमार यादव, जी.एस. हितकारिणी गोविंदा के सचिव श्री ओमकार सिंह तथा परामर्शदाता श्री प्रिंस कुमार पाण्डेय ने भी प्रशिक्षण में सहभागिता कर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा प्रस्फुटन समितियों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया, ग्राम विकास की योजनाओं में जनभागीदारी की आवश्यकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व, जल संरक्षण के उपाय, महिला सशक्तिकरण, ऊर्जा संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान तथा जैविक कृषि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि यदि ग्राम स्तर पर समितियां संगठित होकर कार्य करें तो गांवों में सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ विकास की गति भी तेज हो सकती है।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्रामीण समाज में जागरूकता फैलाने और शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए समितियों के सदस्यों को प्रशिक्षण के माध्यम से समय-समय पर नई जानकारी और दिशा-निर्देश प्रदान करना आवश्यक है, ताकि वे समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर ग्राम विकास की दिशा में प्रभावी कार्य कर सकें।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें सदस्यों ने अपने अनुभव साझा किए और ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जल संरक्षण और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों ने समाजहित एवं ग्राम विकास के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। समापन सत्र में अतिथियों द्वारा प्रशिक्षण में भाग लेने वाले सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर समितियों को और अधिक सशक्त बनाने की बात कही गई।



