जिले के ग्राम पंचायतो में अटल ई सेवा केंद्र का सुव्यवस्थित संचालन प्रारंभ किया जाए- कलेक्टर
नगरीय क्षेत्र के सार्वजनिक स्थल में शीतलहर को दृष्टिगत अलाव की समुचित व्यवस्था रखें- कलेक्टर
कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर दिए निर्देश
अनूपपुर 25 दिसंबर 2025/कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के नर्मदा सभागार में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की। बैठक में कलेक्टर ने जिले में संचालित अटल ई सेवा केंद्र के संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की जिस पर अवगत कराया गया कि वर्तमान स्थिति में जिले के 32 ग्राम पंचायतों में अटल ई सेवा केंद्र प्रारंभ कर दिए गए हैं जिस पर उन्होंने जिले के सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतो को निर्देश दिए कि जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में अटल ई-सेवा केन्द्र (कॉमन सर्विस सेंटर) के संचालन एवं व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,ताकि अटल ई-सेवा केन्द्र (कॉमन सर्विस सेंटर) पर ग्रामवासियों को शासन द्वारा निर्धारित दरों पर शासकीय योजनाओं के संबंध में जानकारी तथा सेवाये उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग से जल संरक्षण हेतु जिले में किया जा रहे बोरी बंधान कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त की जिस पर बताया गया कि जिले के 408 जल संरचनों में से 378 जल संरचनों में बोरी बंधान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है जिस पर उन्होंने कहा कि जिले के शेष जल संरचनों में भी जल्द से जल्द बोरी बंधान का कार्य पूर्ण कराया जाए। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले में संचालित नल जल योजना की ग्राम पंचायत में परिवारों को दिए गए नल कनेक्शन की समीक्षा की तथा हैंडोवर योजना के क्रियान्वयन, प्रबंधन तथा रखरखाव के मॉनिटरिंग के निर्देश पीएचई विभाग तथा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियो को दिए।
कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत स्वीकृत प्रकरणों के संबंध में सहायक संचालक उद्यानिकी से जानकारी प्राप्त की। इस पर सहायक संचालक उद्यानिकी ने बताया कि योजना के अंतर्गत कुल 19 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है, जिस पर कलेक्टर ने शेष लंबित प्रकरण जल्द से जल्द निराकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना, राज्य पोषित संरक्षित खेती योजना के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश उद्यानिकी विभाग को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को लर्निंग सामग्री उपलब्ध कराने तथा खेल-खेल में शिक्षा प्रदान करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों में बाल सुलभ शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष रूप से ध्यान दिए जाने के निर्देश महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी को दिए।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के समस्त नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय क्षेत्रों के सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना अंतर्गत डोर टू डोर सर्वे कर अभियान चलाकर एक सप्ताह में अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0, नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले भूमिहीन और आवासहीन परिवारों को आवासीय भूमि के पट्टाधिकार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री अभीम योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडे सहित जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
wats up









