कोतमा-निगवानी हिट एंड रन मामला गरमाया: कांग्रेस का पुलिस पर दबाव, 5 दिन की मोहलत, फिर थाना घेराव की चेतावनी
अनूपपुर। कोतमा-निगवानी मार्ग पर हुए चर्चित हिट एंड रन मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। जिला कांग्रेस कमेटी, अनूपपुर ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष श्याम कुमार “गुड्डू चौहान” के नेतृत्व में कोतमा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 5 दिनों के भीतर एफआईआर में प्रभावी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो थाना घेराव सहित व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
घटना ने खड़े किए कई सवाल
कांग्रेस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को जे.एम.एस. कंपनी के एक तेज रफ्तार वाहन ने एक युवक को गंभीर टक्कर मार दी। आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक घायल युवक को सड़क पर तड़पता छोड़कर वाहन सहित फरार हो गया। पार्टी का कहना है कि वाहन में कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही घायल को अस्पताल पहुंचाने का मानवीय दायित्व निभाया।
कांग्रेस ने इसे केवल सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और कानूनी जिम्मेदारियों की अनदेखी बताया है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें

- दुर्घटना में शामिल वाहन को तत्काल जब्त किया जाए।
- चालक के विरुद्ध हिट एंड रन सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
- वाहन में मौजूद जे.एम.एस. कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
- घायल युवक के संपूर्ण उपचार का खर्च कंपनी से कराया जाए।
- रिहायशी क्षेत्रों में तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
5 दिन की चेतावनी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार “गुड्डू चौहान” ने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस जनहित में थाना घेराव, प्रदर्शन और लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। वहीं यदि पीड़ित के इलाज की जिम्मेदारी कंपनी ने नहीं उठाई, तो कंपनी के खिलाफ भी व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
जनकलम न्यूज़ की नजर
अब पूरे मामले में सबकी निगाह पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। क्या पांच दिनों के भीतर दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसेगा, या यह मामला आंदोलन की राह पकड़ लेगा—यह आने वाला समय तय करेग



