सांसद हिमाद्रि सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट, उमरिया–शहडोल हाईवे सहित टूरिस्ट कॉरिडोर व रिंग रोड निर्माण की रखी मांग
नई दिल्ली / उमरिया–शहडोल।
सांसद श्रीमती हिमाद्रि सिंह ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी जी से शिष्टाचार भेंट कर मध्यप्रदेश के उमरिया, शहडोल और अनूपपुर अंचल के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सड़क एवं पर्यटन परियोजनाओं को लेकर मांग पत्र सौंपा।
भेंट के दौरान सांसद हिमाद्रि सिंह ने उमरिया–शहडोल हाईवे के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के पूर्ण होने से क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, व्यापार एवं आवागमन सुगम होगा तथा आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके साथ ही उन्होंने पेंच–कान्हा–बांधवगढ़ तक प्रस्तावित टूरिस्ट कॉरिडोर को मैहर से होकर पन्ना नेशनल पार्क तक विस्तारित करने की मांग रखी। सांसद ने बताया कि इस विस्तार से मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का आपसी जुड़ाव होगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
सांसद हिमाद्रि सिंह ने बांधवगढ़ से बरही तक एलिवेटेड हाईवे निर्माण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यावरण संतुलन भी बना रहेगा।
इसके अतिरिक्त सांसद ने अनूपपुर और शहडोल शहरों के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की मांग करते हुए कहा कि इससे शहरी यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या से निजात मिलेगी और शहरों का सुव्यवस्थित विकास संभव हो सकेगा।
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी जी ने सांसद द्वारा रखी गई मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावों के परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
सांसद हिमाद्रि सिंह ने कहा कि वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और केंद्र सरकार के सहयोग से इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र साकार कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।


