सांसद हिमाद्रि सिंह के प्रयासों से क्षेत्र को मिलेंगी नई रेल सुविधाएं, कई ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी
अनूपपुर/नई दिल्ली।
शहडोल लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती हिमाद्रि सिंह ने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी मांगों को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। सांसद ने अपने पत्र के माध्यम से लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र शहडोल में जनहित को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी है।

सांसद हिमाद्रि सिंह ने बताया कि शहडोल लोकसभा क्षेत्र एक महत्वपूर्ण आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां विकास और नागरिकों की सुविधाओं के लिए रेलवे कनेक्टिविटी का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। रेलवे इस क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है, जिससे यहां के निवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र की आम जनता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से कुछ प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की जा रही है। इन्हीं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सांसद ने निम्नलिखित ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रखा है—
बिलासपुर–इंदौर एक्सप्रेस – वेंकटनगर स्टेशन
पुरी–सांतरागाछी उत्कल एक्सप्रेस – वेंकटनगर स्टेशन
बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस – करेली स्टेशन
शक्तिपुंज एक्सप्रेस – महुआगढ़ स्टेशन
बिलासपुर–रीवा एक्सप्रेस – नोबेलाबाद स्टेशन
अंबिकापुर–निजामुद्दीन एक्सप्रेस – कोतमा स्टेशन
रानीकमलापति–संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस – अनूपपुर स्टेशन
सांसद हिमाद्रि सिंह ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि इन सभी ट्रेनों का ठहराव संबंधित स्टेशनों पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुलभ यात्रा सुविधा प्राप्त हो सके।

सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि इन मांगों को स्वीकृति मिलने से शहडोल संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के जिलों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।


