68 करोड़ इंटरनेट यूजर्स की ईमेल आईडी और पासवर्ड लीक, साइबर पुलिस ने जारी की चेतावनी
भोपाल।
देशभर में साइबर सुरक्षा को लेकर एक गंभीर चेतावनी सामने आई है। स्टेट साइबर पुलिस, मध्यप्रदेश ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि हाल ही में 68 करोड़ से अधिक इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की ईमेल आईडी और पासवर्ड साइबर अपराधियों के पास होने का मामला संज्ञान में आया है। इस डेटा लीक के चलते लोगों के सोशल मीडिया, बैंकिंग और अन्य ऑनलाइन अकाउंट्स पर खतरा बढ़ गया है।

साइबर पुलिस के अनुसार, जिन उपयोगकर्ताओं की ईमेल आईडी इस डेटा लीक में शामिल है, उनके अकाउंट्स का दुरुपयोग किया जा सकता है। ऐसे में आम नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।
स्टेट साइबर पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे https://haveibeenpwned.com/ वेबसाइट या दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से यह जांच कर सकते हैं कि उनकी ईमेल आईडी या पासवर्ड कहीं लीक तो नहीं हुआ है।
पासवर्ड लीक होने की स्थिति में तुरंत करें ये उपाय
सभी महत्वपूर्ण अकाउंट्स के पासवर्ड तुरंत बदलें
हर वेबसाइट और ऐप के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें
2-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (OTP या ऐप) अनिवार्य रूप से चालू करें
संदिग्ध ईमेल, एसएमएस और लिंक पर क्लिक न करें
अनजान ऐप या वेबसाइट पर लॉग-इन करने से बचें
साइबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी साइबर फ्रॉड या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सहायता के लिए लोग ps.cybercell-bpl@mppolice.gov.in ईमेल या हेल्पलाइन नंबर 7587646775 पर संपर्क कर सकते हैं।
साइबर पुलिस ने कहा कि सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।


