जिले के सभी निर्माण कार्यों की जानकारी वर्क मैनेजमेंट पोर्टल पर दर्ज कराना करें सुनिश्चित-कलेक्टर
निर्माणाधीन कार्य निर्धारित समय एवं गुणवत्तायुक्त पूर्ण कराएं अधिकारी-कलेक्टर
कलेक्टर ने की जिले के निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा
अनूपपुर 13 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में जिले के विभिन्न निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि जिले में संचालित समस्त निर्माण कार्यों से संबंधित संपूर्ण जानकारी वर्क मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल पर अनिवार्य रूप से प्रविष्ट की जाए, जिससे निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी सहित जिले के विभिन्न निर्माण विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने वर्क मैनेजमेंट सिस्टम पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना विभाग, मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण, जनजाति कार्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, सर्व शिक्षा अभियान, विद्युत विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रगतिरत, अप्रारंभ एवं पूर्ण कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित मापदंडों के आधार पर समय-सीमा के भीतर गुणवत्तायुक्त रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा, निरीक्षण एवं फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित किया जा सके।




