जेंडर कैंपेन ‘‘नई चेतना 4.0’’ अंतर्गत स्वास्थ्य शिविरों का हुआ आयोजन
अनूपपुर 17 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली के मार्गदर्शन में म.प्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत जिले में जेंडर कैंपेन ‘‘नई चेतना 4.0’’ अंतर्गत स्व सहायता समूह से जुड़ी दीदियों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसके तहत महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हौसलों की उड़ान कार्यक्रम अंतर्गत 13 से 15 जनवरी तक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।

जिला परियोजना प्रबंधक आजीविका मिशन श्री शशांक प्रताप सिंह ने बताया कि आम तौर पर महिलायें विभिन्न जिम्मेदारियों के चलते अपने स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति लापरवाह हो जाती हैं और कमजोरी, एनीमिया, कुपोषण एवं थकान आदि से पीड़ित हो जाती हैं, जिसे सामान्य मान लिया जाता है, इसका कारण है जानकारी, जांच और पोषण तक सीमित पहुंच। ऐसे मे महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विकासखंड अनूपपुर में ग्राम बदरा एवं परासी, विकासखंड जैतहरी में जैतहरी एवं सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, डाइट भवन अनूपपुर, विकासखंड कोतमा में आजीविका भवन कोतमा एवं संकल्प, संकुल स्तरीय कार्यालय बिजुरी तथा पुष्पराजगढ़ विकासखंड में करपा एवं स्व सहायता समूह भवन राजेंद्रग्राम में किया गया। जिसमें स्व सहायता समूह की दीदियों, बच्चों एवं अन्य लोगों ने लाभ लिया। स्वास्थ्य शिविरों में मुख्य रूप से मधुमेह, रक्तचाप, एनीमिया, टायफाईड, सामान्य बुखार, पेट दर्द, शरीर दर्द, एचबी, महिलाओं से संबंधित अन्य बीमारियों आदि की जांच की गयी एवं निःशुल्क दवाईयां प्रदान की गयीं।
उक्त आयोजन को सफल बनाने में विकासखंड अनूपपुर, जैतहरी, कोतमा एवं पुष्पराजगढ़ के स्वास्थ्य अमले सहित राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के विकासखंड स्तरीय स्टाफ एवं स्व सहायता समूह से जुड़ी दीदियों का विशेष योगदान रहा।



