‘‘एक बगिया मां के नाम’’
बगिया बचाओ, समृद्धि पाओ की थीम पर विकासखण्ड स्तरीय कृषक अनुभव शेयरिंग कार्यशाला सह प्रशिक्षण का हुआ आयोजन
अनूपपुर 22 जनवरी 2026/ मनरेगा योजना अंतर्गत एक बगिया मां के नाम परियोजना के तहत स्वसहायता समूह की महिलाओं को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के स्वसहायता भवन में आज बगिया बचाओ, समृद्धि पाओ की थीम पर विकासखण्ड स्तरीय कृषक अनुभव शेयरिंग कार्यशाला सह प्रशिक्षण का आयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग एवं सृजन संस्था द्वारा किया गया। जिसमें पौधरोपण, पौधों की सुरक्षा एवं परियोजना में ड्रिप इरिगेशन आदि की जानकारी एवं सुविधाओं का लाभ देने के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यशाला के दौरान किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। बागवानी एवं विकास से जुड़ी तकनीकी जानकारी प्राप्त की तथा भविष्य में आय में बढ़ोत्तरी के अवसरों पर चर्चा की।
उक्त प्रशिक्षण में कृषि विकास केन्द्र, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, आत्मा परियोजना, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा परियोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ श्री गणेश पाण्डेय, तहसीलदार श्री संजय कुमार जाट, सहायक संचालक उद्यानिकी श्री सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत श्री राघवेन्द्र सिंह पटेल, कृषि वैज्ञानिक डॉ. संदीप चौहान, आजीविका मिशन के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक श्री सुरेश कारपेंटर, सृजन संस्था के प्रोग्राम मैनेजर श्री आशीष त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वसहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।
उल्लेखनीय है कि ‘‘एक बगिया मां के नाम’’ शासन की एक योजना है जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए है, जिसके तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को उनकी 1 एकड़ निजी भूमि पर फलदार उद्यान लगाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है, जिसमें पौधे, बाड़ और मजदूरी शामिल होती है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और आय अर्जित कर सकें।




