“अमरकंटक नर्मदा महोत्सव 2026”
दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव की शोभायात्रा से हुई शुरुआत
शोभायात्रा में मां नर्मदा का किया गया यशोगान
अनूपपुर 24 जनवरी 2026/ अमरकंटक नर्मदा महोत्सव 2026 अंतर्गत पवित्र नगरी अमरकंटक में आज मां नर्मदा के उद्गम स्थल मंदिर से मां नर्मदा की सुसज्जित झांकी की शोभायात्रा से दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर माँ नर्मदा मन्दिर, उद्गम स्थल एवं मंदिर परिसर को पुष्पों एवं रंगोलिया से आकर्षक ढंग से सजाया, संवारा गया है। माँ नर्मदा के उद्गम स्थल नर्मदा मंदिर से नर्मदा की शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें माँ नर्मदा को फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया था। शोभा यात्रा में साधु संतों का महात्मा श्रद्धालु और भक्तों ने मां नर्मदा का योगदान किया।
‘स्थानीय जनजातीय दलों ने कला संस्कृति की बिखेरी अनुपम छठा’
मां नर्मदा की शोभायात्रा में स्थानीय जनजातीय दलों ने कला संस्कृति की अनुपम छठा बिखेरी। जनजातीय कला के लोक नृत्य कर्मा, सैला, गुदुम बाजा दलों ने ढोल, नगाड़ा, टिमकी, बांसुरी, मंजीरा, चटकोला आदि पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर आकर्षक प्रस्तुति दी। शासन की मंशानुरूप मां नर्मदा की शोभा यात्रा की सवारी में जिले के जनजातीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देकर सवारी को शोभायमान कर दिया।
मां नर्मदा की पालकी जैसे ही अमरकंटक के प्रमुख मार्गो में पहुंची, जगह-जगह खड़े श्रद्धालुओं ने “नर्मदे हर एवं त्वदीय पाद पंकजम नमामि देवी नर्मदे ” की जय घोष के साथ मां नर्मदा पर पुष्प-वर्षा की गई। यात्रा में भजन मंडलियों द्वारा आकर्षक नृत्य और भजनों की प्रस्तुति दी गई। सवारी में सैकड़ों की संख्या में भक्त झांझ, मंजीरे, ढोल और भगवान का प्रिय वाद्य डमरू बजाते हुए पालकी के साथ उत्साहपूर्वक आराधना करते हुए चले। श्रद्धालुओं ने सुगमतापूर्वक मां नर्मदा के दर्शन लाभ लिए। मां नर्मदा की शोभा यात्रा पंडित दीनदयाल चौक, थाना परिसर एवं बस स्टैंड होकर वापस नर्मदा मंदिर पहुंची, जहाँ नर्मदा नदी के जल से मां नर्मदा का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया।
शोभायात्रा में बैण्ड पार्टी के साथ ही नर्मदे हर का उदघोष करते श्रृद्धालु भक्तों ने उत्साह, उमंग के साथ सहभागिता की। शोभा यात्रा का जगह-जगह पर स्वागत किया गया
माँ नर्मदा मंदिर परिसर से निकाली गई शोभायात्रा में विधायक पुष्पराजगढ़ श्री फुन्देलाल सिंह मार्को, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, एसडीएम पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट , मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरकंटक श्री चैन सिंह परस्ते सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, व्यापारी, जनप्रतिनिधिगण, परिक्रमावासी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न आश्रमों, मंदिरों के साधु-संत, पुजारी, महिलाएं, युवाजन, श्रृद्धालु तथा पत्रकार शोभायात्रा में शामिल रहे।









