Search The Query
  • Home
  • anuppur colectar
  • बोर्ड परीक्षा केंद्रों में संबंधित क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों की लगाई जाए ड्यूटी- कलेक्टर

बोर्ड परीक्षा केंद्रों में संबंधित क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों की लगाई जाए ड्यूटी- कलेक्टर

बोर्ड परीक्षा केंद्रों में संबंधित क्षेत्रों के नोडल अधिकारियों की लगाई जाए ड्यूटी- कलेक्टर

एमपी ई-सेवा पोर्टल एवं एप की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान करने हेतु ग्राम पंचायत भवनों में लगाया जाए बैनर-कलेक्टर

कलेक्टर ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

अनूपपुर 2 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने जिले में आयोजित होने वाली आगामी बोर्ड परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारियों की ड्यूटी संबंधित बोर्ड परीक्षा केंद्रों एवं विद्यालयों के निरीक्षण हेतु लगाई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि नोडल अधिकारी अपने भ्रमण के दौरान विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करें तथा बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के साथ शिक्षकों द्वारा कराई जा रही शैक्षणिक गतिविधियों का भी अवलोकन करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की बोर्ड परीक्षा केंद्र में भी ड्यूटी लगाई जाए तथा बोर्ड परीक्षाएँ पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जांए, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री पंचोली आज कलेक्टर कार्यालय के नर्मदा सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

कलेक्टर श्री पंचोली ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमपी ई-सेवा पोर्टल से अधिकाधिक लोगों को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि एमपी ई-सेवा पोर्टल के संबंध में आमजन को व्यापक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इस उद्देश्य से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जानकारीपरक बैनर लगाए जाएँ। साथ ही जिन नागरिकों के पास स्मार्टफोन उपलब्ध हैं, उन्हें एमपी ई-सेवा ऐप डाउनलोड कराया जाए तथा ऐप के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की जानकारी प्रदान की जाए, जिससे नागरिक इस पोर्टल एवं ऐप का लाभ सरलता से प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने कहा कि इससे शासकीय सेवाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित होगा।

कलेक्टर श्री पंचोली ने सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को खेल-खेल के माध्यम से शिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों हेतु खिलौने, स्लेट, रंग-बिरंगी चित्र सामग्री, पेंटिंग, पहेलियाँ आदि उपलब्ध कराई जांए, जिससे बच्चों की रुचि बढ़े और उनका मानसिक विकास सुगमता से हो सके। उन्होंने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता प्राथमिकता के आधार पर बच्चों को उक्त शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने टेक होम राशन वितरण की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त की तथा एलईडी के माध्यम से बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री पंचोली ने कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से नल-जल योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा पंप ऑपरेटरों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो पंप ऑपरेटर अपने कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं, उनके स्थान पर सक्षम ऑपरेटर नियुक्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने नल-जल योजना के सुव्यवस्थित संचालन के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जल कर वसूली कार्य पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। जिससे नल-जल योजनाओं का नियमित संधारण समय-समय पर हो सके तथा ग्रामीणों को सुगमता से पेयजल उपलब्ध हो। इसी प्रकार कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को जिले में मखाना की खेती के प्रति किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मखाना की खेती से किसानों की आय में वृद्धि होगी तथा जिले में नवीन उद्योगों की स्थापना की संभावनाएँ बढ़ेंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, विद्युत, नगरीय प्रशासन, परिवहन, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद्य, खनिज सहित अन्य विभागों के विभागीय कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पांडेय, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्राशी अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Releated Posts

प्राकृतिक जंगलों का संरक्षण एवं संवर्धन के किए जाएं प्रयास-मुख्यमंत्री डॉ. यादव

नर्मदा के संरक्षण हेतु सरकार एवं समाज में समन्वय जरूरी- मुख्यमंत्री डॉ.यादव अमरकंटक की अखंडता को बनाए रखने…

ByByVikash Sah Apr 14, 2026

लापरवाही बर्दाश्त नहीं” — कलेक्टर हर्षल पंचोली का कड़ा संदेश

अनूपपुर | 16 मार्च 2026जिले में प्रशासनिक सख्ती का बड़ा संकेत देते हुए कलेक्टर हर्षल पंचोली ने साफ…

ByByVikash Sah Mar 17, 2026

कलेक्टर ने जनसुनवाई में 54 आवेदकों की सुनी समस्याएं

अनूपपुर 17 मार्च 2026/ जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में संपन्न हुई। कलेक्टर श्री…

ByByVikash Sah Mar 17, 2026

कलेक्टर ने जनसुनवाई में 42 आवेदकों की सुनी समस्याएं

कलेक्टर ने जनसुनवाई में 42 आवेदकों की सुनी समस्याएं अनूपपुर 24 फरवरी 2026/ जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को…

ByByVikash Sah Feb 25, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top