मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले के धनपुरी में किया वाटर पार्क का लोकार्पण
सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की शहडोल में सिंचाई काम्प्लेक्स, गीता भवन के साथ जैतपुर को नगरपंचायत बनाने की घोषणा
भोपाल : 8 फरवरी, 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शहडोल जिले के धनपुरी में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर नवनिर्मित वाटर पार्क का लोकार्पण करने के साथ क्षेत्र के विकास के लिए अनेक सौगातें दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एसईसीएल के विस्थापितों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए।
सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सच्चा वादा-पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय भाई-बहनों के सर्वांगीण विकास में जुटी है। जनजातीय भाई-बहनों का राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निष्कपट भक्ति, समर्पण और साधना की सर्वोच्च प्रतीक शबरी मैया ने सारा जीवन रघुवर की प्रतीक्षा की। प्रेम में समर्पित इस प्रतीक्षा का फल केवल माता शबरी को ही नहीं मिला बल्कि स्वयं भगवान श्री राम को भी मिला। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही सनातन संस्कृति की विशेषता है। भगवान श्रीराम और माता शबरी का प्रेम बताता है कि हमारे समाज में जातिवाद के लिए कोई स्थान नहीं है।
प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर हुआ
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खेती को लाभप्रद बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से ही वर्ष 2026 को कृषि वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों को बिजली में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 30 लाख सोलर पम्प उपलब्ध कराए जाएंगे। दुग्ध उत्पादन, दलहन उत्पादन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर हुआ है। युवाओं को भी बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव की अहम घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गीता भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इसके बन जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और कोचिंग जैसी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल सिंचाई काम्पलेक्स निर्माण की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपए की इस योजना से 50 हजार हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा, जिससे 122 गांव को लाभ होगा । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैतपुर को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि के संबंध में विभाग से प्रस्ताव प्राप्त होने पर सीट वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल जिले में 160 करोड रुपए लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा जैतपुर महाविद्यालय में कला और विज्ञान संकाय के भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नया महाविद्यालय आरंभ करने की भी घोषणा की। उन्होंने 3 किलोमीटर लंबे मॉडल रोड निर्माण पर भी सहमति प्रदान की।


