Search The Query
  • Home
  • Aap party
  • अनूपपुर से उठी बदलाव की हुंकार, आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर खोला मोर्चा

अनूपपुर से उठी बदलाव की हुंकार, आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर खोला मोर्चा

अनूपपुर में आम आदमी पार्टी का जोन स्तरीय सम्मेलन संपन्न, भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं पर सरकार को घेरा


अनूपपुर। शहडोल जोन स्तरीय आम आदमी पार्टी का विशाल सम्मेलन मंगलवार को अनूपपुर में आयोजित हुआ, जिसमें शहडोल, उमरिया, अनूपपुर एवं मैहर जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए। सम्मेलन में जनता से जुड़े ज्वलंत मुद्दों—भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, पेयजल संकट और प्रशासनिक उदासीनता—पर गंभीर चर्चा की गई।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि दिल्ली सरकार के पूर्व कानून मंत्री एवं मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रदेश में आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्याओं के समाधान में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग जनता के हित में होना चाहिए और प्रशासन को जवाबदेह बनाना लोकतंत्र की पहली आवश्यकता है।


विशेष अतिथि एवं दिल्ली के मॉडल टाउन से तीन बार विधायक रहे अखिलेशपति त्रिपाठी ने कहा कि जनता अब केवल वादे नहीं बल्कि परिणाम चाहती है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरों में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से जनता की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण करने की अपील की।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शहडोल जोन प्रभारी रामकृपाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित के मुद्दों की लगातार अनदेखी की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन खड़ा करेगी।


सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में अनियमितता, बेरोजगारी, पेयजल संकट तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की खामियों को लेकर लगातार आवाज उठाई जाएगी। साथ ही प्रशासन और संबंधित विभागों से जनहित के मामलों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई।


सम्मेलन के अंत में पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी आगामी पंचायत, नगरीय निकाय एवं विधानसभा चुनावों में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से लेकर मैदान में उतरेगी और क्षेत्र के विकास, पारदर्शी शासन तथा जवाबदेह प्रशासन के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Releated Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top