हर घर नल से जल के तहत शत-प्रतिशत ग्रामीण परिवारों को अच्छादित करें-सीईओ जिपं
जिला पंचायत सीईओ ने नल जल योजना की कार्यवार की विस्तृत समीक्षा
अनूपपुर 7 जनवरी 2025/ जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने जल जीवन मिशन के कार्यों का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामों के शत-प्रतिशत हर घर नल से जल अच्छादित करने के निर्देश दिए हैं।
जल जीवन मिशन की जिला पंचायत सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उक्ताशय के निर्देश जिला पंचायत सीईओ ने दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री, जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा पीएचईडी के उपयंत्री उपस्थित थे।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी ने समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की कार्यवार स्थिति की ग्रामवार विस्तृत समीक्षा की उन्होंने अमले को बंद पड़ी योजनाओं के क्रियाशीलता तथा प्रगतिरत कार्यों को जनहित में शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नल जल योजनाओं को क्षति पहुंचाने वाले लोगों को चिन्हांकित करते हुए उनके विरुद्ध पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने नल जल योजना अंतर्गत छोटे कार्यों को 15 जनवरी तक तथा बड़े कार्यो को 30 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए उन्होंने बैठक में जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पाइपलाइन, नलकूप खनन के कार्य के पश्चात ट्रायल रन में उपस्थित रहकर अवलोकन करने व कार्यपूर्णता की स्थिति में योजना को पंचायत को हैंडओवर करने की कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने योजना के अंतर्गत 100% घरों को नल जल योजना का लाभ पहुंचाने तथा जल की निरंतर आपूर्ति के लिए सतत मॉनिटरिंग करने व आवश्यक तकनीकी सहयोग लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमले को दिए।
उन्होने ग्राम पंचायतो को हैंडओवर स्कीम के क्रियान्वयन के लिए शासन दिशा- निर्देश अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




