आधुनिकता के विस्तार के उद्देश्य से नीति आयोग की वर्चुअल कार्यशाला हुई आयोजित
एआई के प्रभावी उपयोग को बढावा देने दी गई जानकारी
अनूपपुर 8 जनवरी 2026/ नीति आयोग, नई दिल्ली द्वारा गुरुवार 08 जनवरी 2026 को आकांक्षी विकासखंडों में आधुनिकता के विस्तार के उद्देश्य से वर्चुअल माध्यम से एक महत्वपूर्ण कार्यशाला (वर्कशॉप) का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी, एबीपी फेलो, उपसंचालक कृषि एवं सर्व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
वर्कशॉप का मुख्य उद्देश्य आकांक्षी जिला कार्यक्रम (एडीपी) एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम (एबीपी) के अंतर्गत नवाचार, तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
कार्यशाला के दौरान नीति आयोग द्वारा कृषि, आजीविका उन्नयन, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण एवं सुशासन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक एवं नीति फ्रंटियर टेक पहल के अंतर्गत एआई (AI) आधारित समाधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इसके साथ ही विभिन्न राज्यों द्वारा अपनाए गए AI आधारित नवाचारों एवं श्रेष्ठ प्रथाओं (बेस्ट प्रेक्टिस) का प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिससे अन्य जिलों एवं विकासखंडों को सीख लेने का अवसर मिला।
कार्यशाला में बताया गया कि आकांक्षी जिला कार्यक्रम एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की एआई (AI) आधारित श्रेष्ठ प्रथाएँ नीति आयोग के नीति फ्रंटियर टेक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग कर जिले एवं विकासखंड अपने प्रदर्शन को और अधिक सुदृढ़ कर सकते हैं।
वर्कशॉप का आयोजन मुख्य रूप से नीति आयोग के सीईओ के मार्गदर्शन में तथा आकांक्षी जिला कार्यक्रम/आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के मिशन निदेशक श्री रोहित कुमार (आईएएस) के नेतृत्व में किया गया। कार्यशाला में देशभर के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यशाला डिजिटल नवाचार, डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया एवं एआई (AI) के माध्यम से समावेशी एवं सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।



