बिजुरी संवाददाता
अनूपपुर जिले के बिजुरी नगर में पेयजल संकट ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है। नगर के वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद जय कुमार एवं कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में उपक्षेत्रीय प्रबंधन कार्यालय बिजुरी के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कॉलरी द्वारा लगातार कोयला उत्खनन किए जाने से क्षेत्र की भू-जल संरचना प्रभावित हुई है, जिससे पूरे नगर में जल संकट गहराता जा रहा है। उनका कहना है कि खनन गतिविधियों के कारण जमीन खोखली हो गई है, जिससे जल स्रोत सूखते जा रहे हैं और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना के नगर में पानी की सप्लाई अचानक बंद कर दी गई, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन और कॉलरी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर तत्काल पानी सप्लाई बहाल करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
🎤 बाइट
वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद जय कुमार ने कहा कि “कॉलरी प्रबंधन की लापरवाही के कारण आज पूरा बिजुरी नगर जल संकट से जूझ रहा है। जब तक पानी सप्लाई शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।”
👉 अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और नगरवासियों को राहत कब तक मिल पाती है।



