कुछ चुनिंदा ट्रकों को ही मिल रहा काम, बाकी वाहन खड़े… ट्रक मालिकों ने लगाया लिफ्टरों पर मनमानी का आरोप
अनूपपुर।
जिले के हसदेव क्षेत्र में कोयला परिवहन को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। एमपी रोड लाइन (कटनी) एवं सीजी कोलियरी के कोयला व्यापारियों द्वारा कराई जा रही ढुलाई में भेदभाव और अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में स्थानीय ट्रक मालिकों की ओर से पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि रोड सेल के माध्यम से कोयला परिवहन के लिए ट्रकों को लगाया जाता है और इसके एवज में भाड़ा दिया जाता है। लेकिन आरोप है कि कुछ लिफ्टरों द्वारा अपने चहेते ट्रकों को ही बार-बार काम दिया जा रहा है, जबकि अन्य ट्रकों को लंबे समय तक खड़ा रखा जाता है। इससे कई ट्रक मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पहले भी इस मुद्दे को लेकर ट्रक मालिकों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस समय अधिकारियों द्वारा सभी ट्रकों को समान अवसर देने और एक समान भाड़ा देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आरोप है कि जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
ट्रक मालिकों का कहना है कि कई बार लोडिंग के नाम पर अतिरिक्त रकम की मांग की जाती है और भाड़े की दरों में भी पारदर्शिता नहीं रखी जाती। इससे पूरे परिवहन कार्य में अनियमितता की स्थिति बन गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि ट्रक मालिकों के साथ हो रहे कथित भेदभाव और अवैध वसूली पर रोक लग सके।
📌 बड़ा सवाल
▪ क्या कोयला ढुलाई में कुछ लोगों को ही दिया जा रहा है फायदा?
▪ क्यों खड़े रहते हैं कई ट्रक, जबकि कुछ वाहन लगातार चल रहे?
▪ भाड़े की दरों में पारदर्शिता क्यों नहीं?
▪ क्या अवैध वसूली के खेल पर होगी कार्रवाई?



